बलिया (ब्यूरो) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त बलिया के सामान्य प्रेक्षक व्यासन आर. और सलेमपुर के सामान्य प्रेक्षक अजय यादव की मौजूदगी में हुई बैठक में उम्मीदवारों को चुनाव सम्बन्धी जरूरी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। खासकर आदर्श आचार संहिता के शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। उम्मीदवारों ने भी निर्वाचन सम्बन्धी कुछ सवाल पूछ अपनी जानकारी को स्पष्ट किया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने साफ कहा कि अगर आचार संहिता का कहीं उल्लंघन हुआ तो प्रशासन स्तर से कार्रवाई में भी देर नहीं होगी। इसलिए चुनाव सम्बन्धी नियमों को ध्यान में रखकर ही प्रचार-प्रसार आदि करें। कोई भी रैली, रोड शो या जनसभा जिम्मेदार अधिकारी की अनुमति के बाद ही किया जाए। यही नहीं, अनुमति की शर्तों के विपरीत कोई कार्य नहीं होना चाहिए।
कोई भी अनुमति केवल एकल खिड़की से ही लें-
बैठक में उम्मीदवारों ने कुछ समस्याओं को रखा, जिस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राहत दिलाने के लिए हरसम्भव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। कहा, किसी भी प्रकार की अनुमति एकल खिड़की से ही लें, ताकि दौड़-भाग से निजात मिल सके। यह भी स्पष्ट किया कि वाहन अनुमति की मूल प्रति को वाहन में अनिवार्य रुप से रखना होगा। आश्वस्त किया कि किसी उम्मीदवार या उनके निर्वाचन अभिकर्ता को कोई दिक्कत नहीं होने ढ़ी जाएगी। किसी प्रकार की जानकारी के लिए एडीएम राम आसरे से बात कर लें।
गड़बड़ी करने का प्रयास करने वाले चाहे कोई भी हों, जेल जाएंगे: एसपी
बैठक में उम्मीदवारों को सम्बोधित करते हुए एसपी देवेंद्र नाथ ने कहा कि आप सब देश की सबसे बड़ी पंचायत का भागीदार बनने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए निर्वाचन नियमों से सम्बंधित बुकलेट का अध्ययन ठीक ढंग से कर लें। किसी भी सूरत में आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। यह भी कहा कि मतदान को किसी भी प्रकार से प्रभावित करने का प्रयास भी करने वाला व्यक्ति चाहे कोई भी हो, जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ सभा में पूरी सड़क नहीं, बल्कि एक तिहाई सड़क का ही प्रयोग कर सकेंगे, ताकि आवागमन प्रभावित न हो। चुनाव से जुड़े सभी प्रकार के कायदे कानून को बताने के बाद अंत मे उन्होंने यही कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए जिससे चुनाव हल्का सा भी प्रभावित हो।
प्रेक्षक से मोबाइल या व्यक्तिगत रूप से भी मिल सकते हैं उम्मीदवार-
जिलाधिकारी ने कहा कि अगर कोई उम्मीदवार सार्वजनिक तौर पर कोई शिकायत नहीं करना चाहते हैं तो वह अपने लोकसभा क्षेत्र के प्रेक्षक से व्यक्तिगत तौर पर भी मिल सकते हैं। इसके अलावा उनसे मोबाइल से भी संपर्क किया जा सकता है। अखबारों में दोनों लोकसभा क्षेत्र के प्रेक्षक के मोबाइल नंबर और निवास का पता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह, एडीएम राम आसरे, सभी एसडीएम व उम्मीदवार या उनके निर्वाचन अभिकर्ता मौजूद थे।
रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता


