बलिया (ब्यूरो) उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री उपेंद्र तिवारी को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है ।धमकी देने वाला पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी का भाई सतीश चौधरी उर्फ नागा है । मंत्री उपेन्द तिवारी ने इस संबंध में शहर कोतवाली में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देश और मंत्री उपेंद्र तिवारी के प्रयास से सरकारी खाद्यान में घोटाले को लेकर 6 करोड़ 78 लाख रूपये का रिकवरी का आदेश और एफआईआर किया गया था, इस मामले में अनियमितता के आरोप में सतीश कुमार चौधरी को ब्लैकलिस्ट करने को लेकर पत्र लिखा गया था ।इसी मामले को लेकर गुस्से में नागा चौधरी ने फोन पर मंत्री को धमकी दी है । मंत्री के निजी सचिव को फोन कर परिवार का अपहरण कर हत्या करने की दी धमकी है । धमकी देने वाले शख्स ने मंत्री को कई बार गाली दी । फोन पर गाली देने वाले शख्स ने कहा कि अगर हम बर्बाद होंगे तो तुम्हें भी जीने नहीं देंगे ।
वहीं इस संबंध में मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कोतवाली में तहरीर देने के बाद कहा कि इस तरह की धमकियों से वह डरने वाले नहीं है और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी । उन्होंने कहा कि सपा- बसपा की सरकार में इन लोगों ने भ्रष्टाचार किया थे, मगर अब इनकी गुंडागर्दी नहीं चलेगी । उन्होंने कहा कि सीएम योगी को इस संबंध में वह जानकारी देंगे ।
रिपोर्ट- तहसील संवाददाता नवीन पाण्डेय

