बलिया (ब्यूरो) सलेमपुर लोकसभा से विगत दो दशक से कांग्रेस पार्टी का लोकसभा चुनाव में खाता नहीं खुल सका।प्रियंका गांधी के आने से इस बार कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा हुआ है। सपा-बसपा गठबंधन ने अपना उम्मीदवार जिला लखीमपुर निवासी बसपा के प्रदेश अध्यक्ष आर. एस. कुशवाहा को अपना प्रत्याशी बनाया है।वहीं भारतीय जनता पार्टी अपना पुराना चेहरा वर्तमान सांसद रविंद्र कुशवाहा को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुनाव मैदान में उतारा है। लेकिन कांग्रेस पार्टी अभी तक अपना पत्ता नहीं खोली है। सूत्रों के अनुसार लोकसभा सलेमपुर से 1 दर्जन से अधिक दावेदार है। इसमें 4 दावेदारों की चर्चा जोरों पर है। जिसमें पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रत्याशी डॉ. भोला पांडे, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सलेमपुर निवासी-केशव यादव, मनियर निवासी पूर्व चेयरमैन सहकारी बैंक- कमलेश कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के महासचिव रोशन सिंह चंदन हैं। इसमें से डॉ. भोला पांडेय 4 बार से लोक सभा सलेमपुर से अपना भाग्य आजमा चुके हैं। लेकिन उन्हें बार-बार निराशा ही हाथ लगी। कमलेश कुमार सिंह भी विधानसभा में कई बार अपनी किस्मत आजमा चुके है लेकिन जीत हासिल नहीं हो सकी। इसमें से केशव यादव और रोशन सिंह चंदन पिछले 5 वर्षों से क्षेत्र का दौरा करते रहे है। कांग्रेस पार्टी से नए दावेदारों में से क्षेत्र में चर्चित रोशन सिंह चंदन को यदि कांग्रेस का टिकट मिला तो वे अच्छी लड़ाई दे सकते हैं। क्योंकि रोशन सिंह चंदन वर्षों से जनता के बीच जमीनी स्तर पर जुड़े हुए रहे है, और पार्टी व क्षेत्र में एक उनकी अच्छी पहचान भी है। गौरतलब हो कि सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व लंबे समय से 1989 से लगातार पिछड़ी जाति के लोगों के हाथों में ही रहा है। जिसमें राम नरेश कुशवाहा, हरिवंश सहाय, हरि केवल प्रसाद कुशवाहा, बब्बन राजभर, रमाशंकर राजभर 'विद्यार्थी' एवं रविंद्र कुशवाहा प्रमुख है। भाजपा से रविंद्र कुशवाहा, सपा- बसपा गठबंधन से आर. एस. कुशवाहा का टिकट फाइनल हो चुका है। अब देखना है कि कांग्रेस पार्टी सलेमपुर क्षेत्र से किसको अपना प्रत्याशी बनाती है।
रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता

