वाराणसी (ब्यूरो) रविवार को क्रांति फाउंडेशन द्वारा प्रदूषण मुक्त बनारस व पार्क सफाई अभियान के अंतर्गत खोजवां व नरिया क्षेत्र में जागरुकता अभियान चलाया गया, प्रदूषण मुक्त बनारस अभियान का यह १९३वां सप्ताह था, इस जागरुकता अभियान के अंतर्गत क्रांति फाउंडेशन के सदस्यों ने खोजवां,किरहिया व नरिया क्षेत्र में लोगों को घर घर जाकर प्रदूषण व गंदगी से होने वाले नुकसान के विषय में जानकारी दी।इसके अलावा संस्था के सदस्यों ने जल संरक्षण व गंगा प्रदूषण जैसे विषयों पर भी लोगों को जागरुक किया।आज के अभियान का नेतृत्व कर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई० राहुल कुमार सिंह ने बताया कि काशी ही नहीं पूरे भारत में प्रदूषण से आम जन का बुरा हाल है।काशी की आबोहवा में भारी मात्रा में पी एम २.५ व पी एम १० कणों का पाया जाना यह स्पष्ट तौर पर काशी की हवा में घुले मीठे जहर की तरफ इशारा कर रहा है।
क्रांति फाउंडेशन के सदस्य लगातार पौधारोपण अभियान चला रहे हैं परंतु पौधारोपण के साथ साथ लोगों को जागरुक करना भी अत्यंत आवश्यक है।बढ़ते प्रदूषण का सबसे ज्यादा प्रभाव बच्चों व बुजुर्गों पर पड़ रहा है तथा इसके कारण लोगों को कई भयानक बीमारियों का भी सामना करना पड़ रहा है।काशी में घनी बस्तियों में पेड़ पौधों की मात्रा अत्यंत कम है।ऐसे क्षेत्रों में पार्कों का भी अभाव है जिसके कारण लोगों साफ व स्वच्छ हवा नहीं मिल पा रही है।ऐसे में लोगों को अपने घरों में ही ऐसे पौधे लगाने होंगे जो बढ़ते प्रदूषण से उनका बचाव कर सकें।मनी प्लांट,स्नेक लिली, तुलसी, एलोवेरा जैसे अनेकों ऐसे पौधे हैं जो प्राकृतिक एअर प्यूरीफायर का कार्य करते हैं।इसके साथ लोगों को अपने आस पास साफ सफाई भी रखनी पड़ेगी जिससे गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से बचा जा सके।क्रांति फाउंडेशन के महासचिव श्री राकेश त्रिवेदी जी ने बताया कि आज जल संरक्षण,गंगा प्रदूषण जैसे विषयों पर लोगों को जागरुक करते हुए उन्हें पालिथिन भी न इस्तेमाल करने के लिये जागरुक किया गया।संस्था के सदस्यों ने लोगों को घर जाकर पालिथिन इस्तेमाल न करने की शपथ दिलायी।आम जन ने भी क्रांति फाउंदेशन की इस मुहिम का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरुकता अभियान और चलाये जाने की जरुरत है जिससे लोगों में इन विषयों को लेकर और जानकारी बढ़ सके।आज के अभियान में प्रमुख रुप से राहुल सिंह,राकेश त्रिवेदी,मुकद्दर अली,अखिलेश पांडे,जय प्रकाश सिंह,प्रेमशीला पटेल,मधु भारती,सागर यादव आदि लोग शामिल हुए।
वाराणसी ब्यूरो अब्दुल्ला हाशमी


