सिकंदरपुर (बलिया)। ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस शनिवार की शाम को सिकन्दरपुर नगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया. जिसमें अनगिनत नगरवासियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया,इस जुलूस में शामिल युवकों ने अस्त्र शस्त्र कलाओं का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों को दांतों तले अंगुली दबाने और ताली बजाने को विवश कर दिया. लोगों द्वारा उनके प्रदर्शन को भरपूर सराहना मिली।

जुलूस में शामिल भीड़ में रह रहकर जय महावीर के उद्घोष से नगर का वातावरण शुरू से अंत तक भक्तिमय बना रहा. पूरी रथ यात्रा की तर्ज पर प्रत्येक वर्ष यहां की आशाढ़ शुक्ल द्वितीय को उमंग और उल्लास के साथ जुलूस निकाला जाता है. भ्रमण के दौरान सभी अख़ाड़ों में एक से बढ़कर एक सजी झांकियां चल रही थी. शामिल लोगों के मुख से एक ही गगनभेदी सदा जय महावीर बुलंद हो रहा था. सबसे पहले डोमनपुरा स्थित ठाकुर जी मंदिर अखाड़ा का जुलूस निकला, परंपरागत मार्गों पर भ्रमण के बाद यह जुलूस हॉस्पिटल तिराहा पर पहुंचकर खड़ा हो गया,इस जुलूस के दौरान भारी संख्या मे पुलिस बल चप्पे चप्पे पर तैनात रहा।

