Left Post

Type Here to Get Search Results !

Ballia Breaking: गंगोत्री में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर

बच्चों की अनूठी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, तिरंगा फहराते ही विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से गूंज उठा पूरा विद्यालय परिसर

खबरें आजतक Live

मुख्य अंश (toc)

देखते ही बन रही थीं तिरंगे की छटा

सिकन्दरपुर (बलिया)। स्थानीय बस स्टैंड चौराहे के समीप नहर पर स्थित शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने व नित नई उपलब्धियों को प्राप्त करने वाले गंगोत्री देवी इंटर कॉलेज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय पर्व को लेकर विद्यालय के छात्र छात्राओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और चारों ओर तिरंगे की छटा देखते ही बन रही थीं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में छोटे बच्चों से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।

प्रबंधक ने किया समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्त ने भारत सरकार के दिशा निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। तिरंगा फहरते ही विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

देशभक्ति की भावना से सराबोर

इसके बाद विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया। उपस्थित छात्र छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे आकर्षक पक्ष विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मनमोहक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र निर्माण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कई प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया।

जयघोष से गूंजा पूरा विद्यालय

विद्यालय परिसर में जैसे जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, विद्यालय परिसर का वातावरण पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगता हुआ नजर आया। विद्यार्थियों के उत्साह के बीच भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से पूरा विद्यालय परिसर गूंजता रहा।

आजादी केवल सत्ता परिवर्तन नहीं

स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्त ने स्वतंत्रता संग्राम के व्यापक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई केवल विदेशी साम्राज्य से मुक्ति का संघर्ष नहीं थी, बल्कि इसके सामाजिक, आर्थिक, नैतिक और राजनीतिक आयाम भी थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से न्याय, लोकतंत्र और समानता का अमृत निकला, जिसने देश के भविष्य की मजबूत नींव रखी। यह संघर्ष केवल भारत की राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि मानवता को विभिन्न प्रकार के अत्याचार और अन्याय से मुक्त कराने की एक व्यापक लड़ाई भी था, जिसका संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आजादी हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराती है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और जिम्मेदारी को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में तैयार होता है और आज के विद्यार्थी ही कल के भारत की दिशा तय करेंगे। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग देश और समाज की उन्नति के लिए करना चाहिए।

अभिभावकों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

स्वतंत्रता दिवस समारोह में हजारों की संख्या में छात्र छात्राओं एवं अभिभावकों की मौजूदगी रही। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। अभिभावकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशप्रेम, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मिष्ठान का हुआ वितरण

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित सभी लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। बच्चों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

यादगार बना स्वतंत्रता दिवस समारोह

पूरे आयोजन के दौरान गंगोत्री देवी इंटर कॉलेज का वातावरण उत्सव, उल्लास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
image image image image image image image

Image   Image   Image   Image  

--- Top Headlines ---