Left Post

Type Here to Get Search Results !

Ratan Tata Death: आवास पर लाया गया पद्मभूषण रतन टाटा का पार्थिव शरीर, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, जानें पूरी डिटेल्स

86 वर्षीय रतन टाटा ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस, रतन टाटा के निधन पर देशभर में शोक की लहर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत शीर्ष हस्तियों ने भी जताया शोक

खबरें आजतक Live 

मुख्य अंश (toc)

हस्तियों ने रतन टाटा के निधन पर जताया शोक 

मुंबई (ब्यूरो डेस्क)। दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के स्वर्गवास के बाद देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत शीर्ष हस्तियों ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

86 वर्ष की उम्र में हुआ रतन टाटा का निधन

दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। टाटा समूह ने इसकी जानकारी दी है। टाटा समूह ने कहा कि अपार दुख के साथ हम अपने प्रिय रतन टाटा के शांतिपूर्ण निधन की घोषणा करते हैं। हम, उनके भाई, बहन और स्वजन, उनकी प्रशंसा करने वाले सभी लोगों के प्रेम और सम्मान से सांत्वना महसूस करते हैं।

रतन टाटा के योगदान ने राष्ट्र को दिया आकार

रतन टाटा के निधन पर टाटा समूह के अध्यक्ष एन चन्द्रशेखरन ने कहा कि अत्यंत दुख के साथ हम रतन नवल टाटा को विदाई दे रहे हैं। वह वास्तव में एक असाधारण नेतृत्वकर्ता थे, जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि राष्ट्र को भी आकार दिया है।

रतन टाटा के निधन से एक युग का हुआ अंत

रतन टाटा के निधन पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शोक जाहिर करते हुए लिखा, रतन टाटा का निधन एक युग का अंत है। वे भारतीय उद्योग के आधुनिकीकरण से बहुत गहराई से जुड़े थे। और उससे भी ज़्यादा इसके वैश्वीकरण से। मुझे कई मौकों पर उनसे बातचीत करने का सौभाग्य मिला। और उनकी दूरदर्शिता और अंतर्दृष्टि से लाभ हुआ। उनके निधन पर शोक व्यक्त करने वाले पूरे देश के साथ जुड़ें। ओम शांति।

उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति श्री रतन टाटा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने देश की औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका दृष्टिकोण, समर्पण और व्यावसायिक कुशलता न केवल टाटा समूह को नई ऊंचाइयों तक ले गई, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्होंने रोजगार सृजन, समाज के सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस समय तक कर सकेंगे अंतिम दर्शन

मुंबई पुलिस के दक्षिण क्षेत्र के अतिरिक्त आयुक्त अभिनव देशमुख ने कहा कि सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3:30 बजे तक उनका पार्थिव शरीर दर्शन के लिए NCPA में रखा जाएगा। जो भी लोग दर्शन के लिए आएंगे उनसे अपील है कि वहां पार्किंग की सुविधा नहीं है तो उन्हें पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा और अपनी पार्किंग की व्यवस्था देख कर आएं। पुलिस पूरी तरह से तैनात रहेगी।

राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी विदाई

रतन टाटा को राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी विदाई। वहीं मुंबई में 10 बजे से लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने जताया दुख

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया कि अपनी दयालुता के माध्यम से, आपने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया। आपके नेतृत्व और उदारता की विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। आपने हमारे देश के लिए जो कुछ भी किया, उसके लिए आपके बेजोड़ जुनून और समर्पण के लिए धन्यवाद। आप एक प्रेरणा रहे हैं। हम सभी को और बहुत याद आओगे, सर रतनटाटा

महाराष्ट्र सरकार के सभी कार्यक्रम रद्द 

महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि उद्योगपति रतन टाटा के निधन के कारण मुंबई में राज्य सरकार के सभी कार्यक्रम कैंसल कर दिए गए हैं।

प्रेरणादायक थी रतन टाटा के साथ मुलाकात

गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने ट्वीट किया, रतन टाटा के साथ गूगल में मेरी आखिरी मुलाकात में हमने वेमो की प्रगति के बारे में बात की और उनका विजन सुनना प्रेरणादायक था। वे एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं और भारत में आधुनिक व्यावसायिक नेतृत्व को मार्गदर्शन और विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें भारत को बेहतर बनाने की गहरी चिंता थी। उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना और श्री रतन टाटा जी को शांति मिले।

आवास पर ले जाया गया रतन टाटा का पार्थिव शरीर

उद्योगपति रतन टाटा का पार्थिव शरीर कोलाबा स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। वहीं, रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रतन टाटा जी बहुत ही सफल उद्योगपति तो थे ही लेकिन उससे भी बड़े व्यक्ति के रूप में हम उन्हें देखते हैं। उन्होंने देश और समाज के लिए काम किया है। उन्होंने केवल सफल उद्योग नहीं बल्कि एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया जिसने हमारे देश को एक वैश्विक पहचान दी। उनका अचानक चलें जाना देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।

झारखंड में एक दिवसीय शोक की घोषणा 

झारखंड सरकार ने एक दिवसीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा है कि झारखंड जैसे देश के पिछड़े राज्य को विश्व में पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन एवं पद्यविभूषण रतन टाटा जी के देहावसान पर एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की जाती है।

जानें क्या बोले मुकेश अंबानी

उद्योगपति मुकेश अंबानी ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने अपने सबसे शानदार और दयालु बेटों में से एक को खो दिया है।

ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे मुकेश अंबानी

रतन टाटा के निधन के बाद हर कोई सदमें में है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे।

रिपोर्ट- मुंबई ब्यूरो डेस्क

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
image image image image image image image

Image   Image   Image   Image  

--- Top Headlines ---