"भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी संजय निषाद पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़िया के पास पिकअप सवारों ने किया जानलेवा हमला"
![]() |
खबरें आजतक Live |
आजमगढ़ (ब्यूरो, उत्तर प्रदेश)। भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी संजय निषाद पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़िया के पास पिकअप सवारों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीछा करने पर पिकअप सवार तहबरपुर थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर फरार हो गए। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी ने अज्ञात के विरुद्ध तहबरपुर थाने में तहरीर दी है। भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय निषाद सोमवार की रात करीब 9:30 बजे अपने तीन वाहनों के काफिले के साथ अतरौलिया की तरफ जा रहे थे। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़िया के पास सामने से आ रही एक पिकअप ने धक्का मार दिया। धक्का मारने के बाद पिकअप सवार गाड़ी लेकर भागने लगे। भाजपा नेता गाड़ी का पीछा करने लगे।
पिकअप सवारों ने भाजपा नेता के वाहन पर पत्थर फेंके। संजय निषाद ने आरोप लगाया कि पिकअप सवारों ने फायर भी किया। भाग रहे पिकअप सवार तहबरपुर थाना क्षेत्र में अपने वाहन को छोड़कर फरार हो गए। पीछा कर रहे भाजपा नेता ने वाहन को पकड़ लिया। घटना को पुलिस से अवगत कराया। घटना की सूचना मिलते ही तहबरपुर थाना पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस पिकअप वाहन को लेकर तहबरपुर थाने में गई। पिकअप वाहन जौनपुर जनपद का बताया जा रहा है। सीओ बुढनपुर महेंद्र शुक्ला ने बताया कि संजय निषाद की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध तहबरपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पशु तस्करों की गाड़ी से घटना हुई है।
रिपोर्ट- आजमगढ़ डेस्क