Left Post

Type Here to Get Search Results !

Ballia Breaking: हिंदी दिवस पर गंगोत्री में दिखा हुनर का जलवा, गंगोत्री के विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा, शब्दों से लेकर रंगों तक बच्चों ने जीता दिल

निबंध लेखन से पोस्टर बैनर तक विद्यार्थियों ने दिखाई हुनर की चमक, हिंदी के गौरव और महत्व को रंगों व शब्दों में किया अभिव्यक्त, प्रतिभा और रचनात्मकता से गूंजा समूचा विद्यालय परिसर

खबरें आजतक Live

मुख्य अंश (toc)

प्रतिभा और रचनात्मकता का अनूठा संगम

सिकन्दरपुर (बलिया)। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को गंगोत्री देवी इंटर कॉलेज एवं गंगोत्री नेशनल स्कूल में विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कल्पनाशीलता के साथ हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव को शब्दों व रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया। हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, पोस्टर एवं बैनर निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में हिंदी भाषा के महत्व के साथ साथ भारतीय संस्कृति और हमारी भाषाई विरासत की खूबसूरत झलक दिखाई दी।

शब्दों व रंगों में सजा हिंदी व भाषा का गौरव

निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व, उसकी उपयोगिता और वर्तमान दौर में उसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। वहीं पोस्टर और बैनर निर्माण में बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति का परिचय देते हुए हिंदी भाषा के गौरव को आकर्षक चित्रों, संदेशों और रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रंग-बिरंगे पोस्टर और आकर्षक बैनर सभी के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों की रचनात्मकता देखकर शिक्षक भी उनकी प्रतिभा की सराहना करते नजर आए।

ऐसे आयोजनों से निखरती है बच्चों की प्रतिभा

शिक्षकों ने कहा कि हिंदी दिवस जैसे आयोजन केवल भाषा के प्रति सम्मान व्यक्त करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे विद्यार्थियों में लेखन क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच का भी विकास होता है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर मिलता है और उनमें मातृभाषा के प्रति आत्मीयता एवं सम्मान की भावना और मजबूत होती है।

प्रबंधन ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम का आयोजन गंगोत्री देवी इंटर कॉलेज एवं गंगोत्री नेशनल स्कूल के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अपनी प्रतिभा को निखारने और नए अवसरों की तलाश करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ भाषा, साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति रुचि विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

संस्कृति से जुड़ने का सशक्त माध्यम

हिंदी दिवस पर गंगोत्री विद्यालय परिसर में सजे पोस्टर, लिखे गए विचार और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियां इस बात की गवाही देती रहीं कि हिंदी केवल पढ़ने-पढ़ाने की भाषा नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पना, अभिव्यक्ति और अपनी संस्कृति से जुड़ने का सशक्त माध्यम भी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हीरालाल वर्मा ने की।

रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
image image image image image image image

Image   Image   Image   Image  

--- Top Headlines ---