"करंट की चपेट में आने से वायु सेना के जवान विवेक कुमार गुप्ता की हुई मौत, इन्वर्टर ऑन करतें समय हुआ दर्दनाक हादसा"
खबरें आजतक Live |
बांसडीह (बलिया, उत्तर प्रदेश)। जिले के बांसडीह कस्बे के वार्ड नौ में करंट की चपेट में आने से वायुसेना के जवान की मौत हो गई। वह दिल्ली के अस्पताल में भर्ती पिता के कुछ आवश्यक दस्तावेज लेने के लिए अपनें घर आया था। रविवार शाम इन्वर्टर ऑन करते वक्त करंट की जद में आ गया। आनन फानन परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह ले गए। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार विवेक कुमार गुप्ता 19 वर्ष पुत्र विनोद कुमार गुप्ता करीब दो साल पहले एयरफोर्स में भर्ती हुए थे। वो मां-बाप के इकलौते पुत्र थे तथा जैसलमेर के रामगढ़ एयरवेज पर तैनात थे। विवेक के पिता दिल्ली स्थित कमांड हॉस्पिटल में भर्ती हैं। पति के साथ विवेक की मां भी दिल्ली में ही थी। दो बहनें बुलंदशहर में पढ़ाई करती हैं। पिता के ईलाज के दौरान विवेक अचानक किसी दस्तावेज को लाने के लिए रविवार शाम बांसडीह स्थित अपनें घर पहुंचे। इनवर्टर ऑन करते वक्त वो करंट की जद में आ गए। एयर फोर्स के जवान की हुई मौत के बारे में जानकारी देते हुए गोरखपुर सब स्टेशन के अधिकारी एसएन चतुर्वेदी ने बताया कि वायुसेना के जवान विवेक गुप्ता का अंतिम संस्कार बलिया स्थित महावीर घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। घटना से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्ट- बलिया ब्यूरो लोकेश्वर पाण्डेय