सिकन्दरपुर (बलिया) शनिवार की दोपहर लगभग दो बजे ट्रैक्टर ट्राली पर सामान लोड कर अपने घर ले जा रहे एक युवक पर चार मनबढ़ युवकों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 27 फरवरी दिन गुरुवार को नेमा का टोला गांव स्थित मुख्य बालूपुर मार्ग पर स्थित मकान पर कन्हैया यादव की लड़की की शादी के दौरान गांव के ही चार-पांच युवकों ने मामूली विवाद के बाद लड़की के पिता कन्हैया यादव को लाठी डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसके बाद कन्हैया यादव ने नामजद तहरीर देकर सिकन्दरपुर पुलिस से कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर अभी मनबढ़ युवकों की पहुंच से दुर ही थी कि शनिवार की दोपहर ट्रैक्टर ट्राली से कुछ सामान वापस अपने पैतृक गांव नेहता ले जा रहें लड़की के पिता कन्हैया यादव के भतीजे मुकेश यादव पुत्र गोरख यादव को उन्हीं मनबढ़ युवकों ने रास्तें मे घेरकर लाठियों व डंडे से मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। आनन-फानन में परिजनों ने मुकेश यादव को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां पर प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत चिकित्सक ने मुकेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में कन्या के पिता कन्हैया यादव ने बताया कि मेरे भतीजे को मारने के बाद उन मनबढ़ युवकों ने मुझे फोन कर परिवार के और भी चार लोगों को मारने की धमकी दी है। वहीं इस घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक सिकन्दरपुर बालमुकुंद मिश्रा ने मारपीट की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित को मेडिकल के लिए भेजा गया है तथा आरोपितों की तलाश सरगर्मी के साथ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्ट- बलिया ब्यूरों लोकेश्वर पाण्डेय

