बलिया (ब्यूरों) मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी में एक किशोर डूब गया। सूचना पर पहुंची दुबहड़ पुलिस गोताखोर की सहायता से युवक को खोजने के प्रयास में लगी है। दुबहड़ निवासी विशाल गुप्ता (17) पुत्र विजय गुप्ता गांव के ही छ्ट्ठू गुप्ता के पौत्र के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए शिवरामपुर गंगा घाट पर गया था। मुंडन संस्कार के दौरान गांव के कुछ लड़को के साथ विशाल भी नाव पर चढ़कर गंगा उस पार गया। नाव वापस आ रही थी, तब गंगा घाट के पहुंचने से कुछ दूर पहले ही विशाल के साथ के लड़के नदी में कूद कर तैरने लगे। यह देख विशाल भी नाव से कूदकर नहाने लगा। देखते ही देखते विशाल गहरे पानी में डूब गया। नाव में बैठे लोग शोर शराबा कर चिल्लाने लगे। वहां पर मौजूद कुछ मछुआरे भी नदी में कूदकर विशाल को ढूंढने का प्रयास किए, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन चीख-पुकार करने लगे। मौके पर दुबहड़ प्रधान प्रतिनिधि बिट्टू मिश्रा व थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ शिवरामपुर गंगा घाट पहुंचे व गोताखोर बुलवाकर विशाल की खोजबीन शुरू किया गया।
रिपोर्ट- बलिया ब्यूरों लोकेश्वर पाण्डेय

