प्रयागराज (ब्यूरो) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड की परीक्षा हमेशा चर्चा में रहती है। इस बोर्ड की परीक्षा शुरू होने से पहले, परीक्षा के दौरान तथा परीक्षाफल घोषित होने के बाद लंबे समय तक चर्चा होती है। इस बार तो परीक्षाफल घोषित होने से पहले परीक्षार्थियों को पास कराने का प्रलोभन देने के साथ फेल करने की धमकी का नया मामला सामने आया है।
"आपका परीक्षाफल अपूर्ण है, उसे समय रहते पूर्ण करा लें" साथ ही उत्तीर्ण होने के लिए धन इस बचत खाते में जमा कराएं, इन दिनों ऐसे तमाम फर्जी फोन कॉल्स हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2019 में शामिल हुए छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों को मिल रहे हैं, धन न देने पर परीक्षा में फेल होने के लिए धमकाया भी जा रहा है। यही नहीं ऐसे फोन कुछ जनप्रतिनिधियों को भी हुए हैं, उसके बाद से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा 2019 का परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है, इसी माह रिजल्ट घोषित करने की तैयारी है, परिणाम तैयार करने में बोर्ड की गोपनीय टीम लगी है, बोर्ड के इतिहास में पहली बार इस तरह से अज्ञात अराजक तत्व छात्र व छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों को फोन करके पहले डराते हैं फिर धन जमा करने का निर्देश देते हैं मना करने पर फेल करने के लिए धमकाया जा रहा है, बड़ी संख्या में ऐसे फर्जी फोन कॉल्स लोगों तक पहुंचने पर इसकी शिकायत बोर्ड सचिव से की गई है, उन्होंने इस मामले मे हैरत जताते हुए कहा कि बोर्ड की ओर से इस तरह किया जाना संभव ही नहीं है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट इसी माह के अंतिम सप्ताह में घोषित होने के आसार हैं। ऐसे में एक गैंग जिले के परीक्षार्थियों के पास फोन करके अंक बढ़ाने के लिए पैसे मांग रहा है। अम्बेडकरनगर के राम अवध जनता इंटर कालेज, न्यू लाइट एकेडमी, जय बजरंग इंटर कालेज समेत कई कालेजों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से छात्र-छात्राओं के मोबाइल नम्बर पर फोन आ रहे हैं। फोन करने वाले अपने आपको यूपी बोर्ड आफिस प्रयागराज से बताकर अंक बढ़ाने के लिए दो से चार हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि फोन करने वालों के पास परीक्षार्थियों की पूरी जानकारी है। अंक बढ़ाने से पहले खाता नम्बर और आईएफसी कोड देकर पैसा डालकर व्हाट्सअप पर मैसेज करने के लिए कह रहे हैं। ऐसा न करने पर फेल करने की धमकी दे रहे हैं।
बिहार के निकले ये सभी नंबर-
फोन करने वालों के फोन नम्बर को जब ट्रू कालर पर पड़ताल की गई तो वे बिहार के निकले। खाता नम्बर भी एसबीआई बिहार के ही पाए गए। डीआईओएस विनोद कुमार सिंह ने कहा है कि यह फर्जी काल है। सभी अभिभावक और परीक्षार्थी इनके झांसे में ना आएं।
इन नम्बरों से आ रहा हैं अभिवावकों व छात्रो को फोन-
परीक्षार्थियों के मोबाइल पर पांच नम्बरों से काल की जा रही है। ये नम्बर हैं 7870219539, 9128593157, 7870147906, 7870231120, 8874939906। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने इसकी सूचना विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दी। हालांकि किसी ने अब तक काल करने वालों के खाते में पैसे नहीं डाले।
बोर्ड सचिव ने छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों से किया ये अनुरोध-
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने कहा कि हमें इसकी जानकारी है, कोई भी इस तरह के फ्रॉड में न पड़े, यह पूरा गैंग बिहार का है, कार्रवाई के लिए इसकी जानकारी प्रदेश के डीजीपी को दी गई है, बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों से अनुरोध किया है कि परीक्षाफल को लेकर इस तरह के भ्रम या फिर प्रलोभन के शिकार न हों, ऐसा करने वाले अवांछनीय तत्वों को चिन्हित करने व उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, बोर्ड सचिव ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को भी पत्र लिखा है, इसमें छात्र-छात्राओं को मिले 12 मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया है। इस पर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, सचिव ने कहा है कि बोर्ड प्रशासन ऐसे गंभीर प्रकरण को लेकर सजग है, शायद कुछ लोग अनजाने में बोर्ड की प्रतिष्ठा धूमिल करना चाहते हैं लेकिन, वे सफल नहीं होंगे, हाईस्कूल व इंटर परीक्षा 2019 में इस बार करीब 50 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। परिणाम की तारीख अगले सप्ताह घोषित होने का संकेत मिल रहा है।
रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता

