गड़वार (बलिया) शिक्षा क्षेत्र गड़वार अंतर्गत शनिवार को सेवानिवृत्त हो रहे गुरुजनों के विषय मे यह कहना अतिशयोक्ति नही होगी कि "अगर तलाश करूँ कोई मिल ही जाएगा,मगर तुम्हारी तरह कौन मुझ को चाहेगा" यह दो पंक्तियां आज अपने जीवन के 62 बसन्त पूरे कर कई दशकों से परिषद की सेवा करने वाले उन गुरूजनों को समर्पित है जो आज सेवानिवृत्त हो रहे है ।उनके लिए आज का यह पल उनके जीवन के सुखद और दुखद दोनों के बीच की वह कड़ी है,जो अविस्मरणीय होता है । एक ओर जहां जीवन के अन्तिम पडाव की ओर जाने की आध्यात्मिक खुशी होती है, तो दुसरी ओर अपने स्कूल, बच्चों, सहकर्मियों, गांव, विभाग के लोगों से दूर होने का गम भी होता है ।सच कहा जाये तो इस पल को अभिव्यक्त करने के लिए शब्दों से अधिक भावनाओं को महसूस करना और समझना ही ठीक होगा ।किसी ने ठीक ही कहा है.......
उस को रुख़्सत तो किया था मुझे मालूम न था
सारा घर ले गया घर छोड़ के जाने वाला
शिक्षा क्षेत्र -गड़वार अंतर्गत सेवानिवृत्त हो रहे गुरुजनों के अंतिम कार्य दिवस पर विद्यालय के अध्यापकों, बच्चों, अभिभावकों आदि ने उन्हें धूमधाम से अश्रुपूर्ण विदाई दी ।विदाई के इस क्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय फेफना से सेवानिवृत्त हो रही श्रीमती कौशल्या वर्मा को वरिष्ठ समन्वयक राजेश मिश्रा व पूरे विद्यालय परिवार ने बड़े अनोखे अंदाज में विदाई दी ।इस विदाई समारोह में खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री सुनील कुमार भी उपस्थित थे ।सर्वप्रथम माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ पुष्पार्चन किया गया ।बच्चियों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया ।खंड शिक्षाधिकारी महोदय द्वारा हैंड मेड पुष्पगुच्छ देकर कौशल्या वर्मा का स्वागत किया गया ।विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने गीत संगीत से बड़ा ही मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया ।प्राथमिक शिक्षक संघ इकाई -गड़वार के अध्यक्ष अनिल पाण्डेय की उपस्थिति इस कार्यक्रम में चार -चाँद लगा रही थी ।
विद्यालय परिवार की कादम्बिनी सिंह, किरण पाण्डेय, मीना उपाध्याय, गीता देवी, शिखा गुप्ता, हरनाम सिंह, तेज बहादुर वर्मा, संजय यादव व संजीव आदि ने कौशल्या वर्मा तथा खंड शिक्षाधिकारी महोदय का स्वागत किया ।मंच संचालन हरनाम सिंह ने तथा आभार वरिष्ठ सह-समन्वयक राजेश मिश्रा ने व्यक्त किया ।इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आज जो गुरूजन सेवानिवृत्ति हो रहे है उनके द्वारा की गयी सेवा,समर्पण,सहयोग को मेरा कोटि कोटि नमन ।आप सबने विभाग को बहुत कुछ दिया ।लाख परिस्थितियां विपरित होने के बाद भी आपने नवनिहालों,विभाग को जो गौरव दिलाया ,वह इतिहास के स्वर्णिम गाथा में दर्ज होने के साथ साथ हम लोगों को प्रेरणा देते हुए नयी उर्जा का संचार करेगी ।प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने कहा कि आप हम सबके अभिभावक है ।आपसे हम सबने बहुत कुछ सीखा है ।विपरीत परिस्थितियों को अपने अनुकूल कैसे बनाया जाता है ये आपने हम सबको सिखाया है । वरिष्ठ सह समन्वयक राजेश मिश्रा ने कहा अध्यापक समाज का आईना होता है ।आपने अपने 62 बसंत सफलता पूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बिताए है जिनसे हमें काफी कुछ सीखने को मिला है ।अंत मे कौशल्या वर्मा को सभी आदरपूर्वक गाड़ी तक ले गये जहाँ अनिल पाण्डेय ने अपनी गाड़ी में उनके आवास तक ससम्मान पहुँचाया ।
इसी क्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गड़वार दक्षिणी से श्री दयाशंकर तिवारी सेवानिवृत्त हुए, प्रा०वि०हरिजन बस्ती गड़वार दक्षिणी के प्रधानाध्यापक डॉ अभिषेक पाण्डेय, स०अ०रिज़वाना अख्तर, शिक्षामित्र पंचरतन राम तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय गड़वार दक्षिणी की सुधा गुप्ता, सीमा यादव,रविकांत उपाध्याय आदि ने भावपूर्ण विदाई दी ।इस कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि शंकर ,प्रबंध समिति के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह तथा अन्य अभिभावकगण मौजूद रहे ।बच्चे व बच्चियों ने सरस्वती वंदना तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया ।डॉ अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि एक शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नही होता ।वह पूरे जीवनकाल में समाज को कुछ न कुछ सीखाता ही है । सेवानिवृत्त को अंग्रेजी में re-tired कहते है परंतु एक अध्यापक कभी थकता नही तो पुनः थकने का सवाल ही पैदा नही होता।
रिपोर्ट- संवाददाता डॉ अभिषेक पाण्डेय


