वाराणसी (ब्यूरो) मनरेगा मजदूर यूनियन, आशा ट्रस्ट, असंगठित कामगार मोर्चा व डॉक्टर चैम्बर के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को डंगहरिया ग्राम पंचायत के मुसहर बस्ती में गरीबों बेसहारो को स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मुफ्त दवा भी लिया, शिविर में अधिकतर मौसमी बुखार, खुजली, पेट दर्द और गठिया के मरीज थे, शिविर मे मरीजों के स्वास्थ परीक्षण डॉ जय प्रकाश पाल तथा डॉ सतीष जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर मनरेगा मजदूर यूनियन के संयोजक सुरेश राठौर ने कहा कि जरुरत समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने की है, उन्होंने कहा कि इस बस्ती में सरकार के प्रतिनिधि भी तब आते है जब कोई बड़ा अधिकारी आने वाले होते है। जरुरत ऐसे लोगों के बीच में जाकर काम करने की है।
डॉ जय प्रकाश पाल ने कहा कि हम आभारी है मनरेगा मजदूर यूनियन के कि उन्होंने आज हमें ऐसे लोगों के बीच में काम करने का मौका दिया जहाँ बहुत ही कम लोग जाना चाहते है। सेवा का कार्य तो ऐसे लोगों के बीच ही करने की आवश्यकता है।
चिकित्सकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान देना बेहद जरूरी है। कहा कि खानपान में सावधानी के साथ साथ सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। डा. सतीश जायसवाल ने पेयजल शुद्धता पर बल देते हुए कहा कि प्रदूषित पानी के सेवन से अधिकतर बीमारियां जन्म ले रही हैं। ऐसे में हर संभव शुद्ध जल का सेवन करना चाहिए। उन्होंने भोजन ताजा तथा पानी को उबाल कर पीने की सलाह दी। छोटी-छोटी बीमारियों का सही समय पर इलाज नहीं होने से वह बड़ा रुप ले लेती है। एक छोटी सी लापरवाही प्राण घातक साबित होती है।
शिविर में मुख्य रूप से सुरेश राठौर, रेनू, विनय, मनोज, आकाश, पन्ना, सुदामा, श्रद्धा, पप्पू, लालजी, आशा,
डब्लू, लालधनी, सपना, रमेश, मुशे, अंगारा, गुलशन, आशीष, सुनील आदि लोग शामिल हुए।
रिपोर्ट- वाराणसी ब्यूरो अब्दुल्ला हाशमी


