सिकंदरपुर (बलिया) स्थानीय कस्बा स्थित तड़सरा जमीन तड़सरा में मंगलवार की दोपहर एक विवादित जमीन की पैमाइश करने गई पैमाइश टीम पर हमला करने, आत्महत्या करने का प्रयास, जान से मारने की धमकी आदि देने के आरोप में सिकन्दरपुर पुलिस ने कुल 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मौके से दो लोगों को मिट्टी के तेल से भरा गैलन व माचिस के साथ हिरासत में लेकर चालान न्यायालय कर दिया।
बताते चलें कि त्रिविक्रम तिवारी व ओम प्रकाश गुप्ता के बीच जमीन को लेकर काफी दिनों से वाद विवाद चल रहा था,जिसमें त्रिविक्रम तिवारी द्वारा उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर के न्यायालय में पक्की पैमाइश के लिए त्रिविक्रम बनाम मुमताज मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें पहले भी चार बार विवादित जमीन की पैमाइश हो चुकी थी।
ज्ञात हो कि पहले भी एक पैमाइश के दौरान पैमाइश की टीम के साथ ओमप्रकाश गुप्ता व राम विनय गुप्ता के द्वारा मारपीट किया गया था जिसमें लेखपाल के तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी पंजीकृत हुआ था।
मंगलवार 31 जुलाई की दोपहर जिलाधिकारी बलिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार यादव, तहसीलदार सिकंदरपुर जितेन्द्र सिंह थानाध्यक्ष अनिल चंद तिवारी, नगर के वरिष्ठ व संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में इस विवादित जमीन का पांचवी बार पैमाइश की गई, इस पैमाइश के दौरान एक पक्ष ओम प्रकाश गुप्ता लगातार अपने पक्ष में पैमाइश न होने पर बार-बार विवाद कर रहा था और प्रशासनिक अधिकारियों को भला बुरा भी कह रहा था।
पांचवी बार पैमाइश होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने निशानदेही कर दिया जिससे बाद अनिल गुप्ता व उसके परिजनों द्वारा गाली गलौज शुरू कर दिया गया वही पैमाइश करने गयी टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दिया गया।
वही ओमप्रकाश गुप्ता की पत्नी सरोज देवी व अनिल गुप्ता ने गैलन में मिट्टी तेल लेकर अपने ऊपर गिराना शुरू कर दिया मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल मिट्टी तेल से भरा गैलन व माचिस सहित मौके से दो लोगो को हिरासत में ले लिया था।



