रतसर (बलिया) किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय रकसा, रतसर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना के 'सप्त दिवसीय विशेष शिविर' का समापन समारोह पं0 देव भूषण शास्त्री उत्तर माध्यमिक विद्यालय सरभारी खुर्द के प्रांगण में संपन्न हुआ । समापन कार्यक्रम का शुभारंभ, मुख्य अतिथि डॉ0 फूल बदन सिंह, अध्यक्ष , हिंदी विभाग, कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया ने मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर पुष्पार्चन कर किया । इस अवसर पर स्वयं सेविकाओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया । मुख्य अतिथि डॉ० सिंह ने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवक एवं स्वयं सेविकाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम की महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक कुरीतियों और समस्याओं की चर्चा की । उन्होंने शिविरार्थियों को अपने जीवन में 'स्व' का विकास कर अनुशासन में रहते हुए भारतीय संस्कृति के अनुरूप आचरण करने की नसीहत दी । अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अशोक कुमार सिंह ने स्वयंसेवक एवं स्वयं सेविकाओं को निरंतर समाज सेवा से जुड़कर कार्य करने को प्रोत्साहित किया एवं उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी । शिविर के सातों दिवस के क्रियाकलापों की आख्या, कार्यक्रम अधिकारी डॉ० राजीव कुमार सिंह ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर शिविरार्थियों ने देश-भक्ति गीत, सामाजिक गीत आदि प्रस्तुत करते हुए विभिन्न नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर तीखा प्रहार कर जनमानस को जागरूक करने का प्रयास किया । कार्यक्रम का संचालन, कार्यक्रम अधिकारी डॉ० अनिल कुमार पाण्डेय ने किया । इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक गण, गैर शैक्षिक कर्मचारीगण एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
रिपोर्ट- बलिया ब्यूरो लोकेश्वर पाण्डेय

