लालगंज बलिया) साइड न देने से गुस्साए बोलेरो सवारों ने सुग्रीव मौर्य (40) को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना में प्रकाश मौर्य (25) व बुधिया देवी (50) पत्नी सुदर्शन यादव घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बुधिया देवी को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद मनबढ़ बोलेरो सवार भागने में सफल रहे।
दोकटी थाना क्षेत्र के धतुरी टोला निवासी गणेश मौर्य के घर शुक्रवार को मुडंन संस्कार था। इसमें भाग लेने गांव के लोग ट्रैक्टर से शिवपुर गंगा तट पर जा रहे थे। इस ट्रैक्टर पर सुग्रीव, प्रकाश व बुधिया भी सवार थीं। लच्छू टोला गांव के निकट पीछे से आ रही बोलेरो ट्रैक्टर से पास लेने का कई बार प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर पर बज रहे लाउडस्पीकर व सड़क संकरी होने के कारण चालक पास नहीं दे पा रहा था। इससे गुस्साए बोलेरो सवार दबंगों ने सेमरिया ढाला के निकट ट्रैक्टर से पास लेकर इसके सामने अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद ट्रैक्टर के चालक को गाड़ी से उतार कर पिटाई करने लगे। यह देख ट्रैक्टर पर सवार लोग नीचे उतरकर बोलेरो के चालक को पकड़ना चाहा।
इसी बीच चालक बोलेरो स्टार्ट कर भागने लगा। इस दौरान इसकी चपेट में आने से सुग्रीव मौर्य, प्रकाश मौर्य व बुधिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं इसमें कुछ लोगों को मामूली चोटे भी आई। घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले जाया गय। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से चिकित्सकों ने सुग्रीव व बुधिया को वाराणसी रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय सुग्रीव की मौत हो गई।
रिपोर्ट- बलिया ब्यूरों लोकेश्वर पाण्डेय


ऐसे लोगों को कठोर से कठोर सजा देना चाहिए
ReplyDelete