रसड़ा (बलिया) रसड़ा-बलिया मार्ग पर माधोपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मारने के बाद युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक को लेकर चालक मौके से भाग गया।इस घटना के दौरान एक अन्य बाइक सवार दो लोग भी घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर डायल 100 के साथ ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई। तीनों घायलों को स्थानीय सीएचसी भेजवाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से फेफना थाना क्षेत्र के डूमरी गांव के पास से घटना के बाद भाग रहे ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक सियाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि फेफना थाना क्षेत्र के एकौनी गांव निवासी धनंजय मौर्य (30 वर्ष) उसी गांव के अपने साथी बबलू (22 वर्ष) के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने के लिए जा रहे थे।इस बीच रास्ते में रसड़ा के माधोपुर गांव के समीप पीछे से ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। इससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर कुछ दूर आगे जा गिरे।इस दौरान ट्रक ने धनंजय को कुचलते हुए आगे निकल गया। घटना में धनंजय की मौके पर मौत हो गई। जबकि साथी बबलू घायल हो गए।उधर, घटना के दौरान रसड़ा की ओर से बलिया जा रहे एक अन्य बाइक पर रसड़ा क्षेत्र के संवरूपुर गांव निवासी लल्लन पाल (53 वर्ष) व अभिमन्यु (23) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर सभी के परिजन अस्पताल पहुंच गये।
रिपोर्ट- बलिया ब्यूरो लोकेश्वर पाण्डेय

