बनारस (ब्यूरो) - 9 अक्टूबर। गुजरात के साबरकांठा में हुए 14 माह की बच्ची के बलात्कार के बाद से गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हो रहे लगातार हमलों के बीच सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश बिहार एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने कूदते हुए पूरे बनारस में पोस्टर चिपका कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनारस छोड़ने की चेतावनी जारी कर दी है। इस संबंध में बिहार एकता मंच के विश्वनाथ कुंवर बताते हैं कि गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हो रहे हमले के विरोध में हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनारस छोड़ने के लिए चेतावनी जारी कर दिया है। कुँवर ने कहा कि उत्तर भारतीयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगा कर उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाकर देश का प्रधानमंत्री बनाया। वहीं दूसरी तरफ उनके गृह प्रदेश गुजरात से उत्तर भारतीयों को मार मार कर भगाया जा रहा है। जिससे गरीब मजदूर दर-दर भटकने को मजबूर है । इसलिए हमने प्रधानमंत्री को चेतावनी देते हुए पत्र के माध्यम से बताया है कि यदि यह हिंसा नहीं रोकी गई तो आगामी चुनाव में बनारस की जनता आप को वापस गुजरात भेज देगी। बता दें कि इस हिंसा में अब तक 20,000 उत्तर भारतीयों ने गुजरात छोड़ दिया है । मजदूरों और उत्तर भारतीयों के गुजरात छोड़ने का क्रम लगातार जारी है। इस संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने उत्तर भारतीयों को आश्वासन दिया है कि उन्हें गुजरात छोड़ने की कोई जरूरत नहीं है उन्हें सारी सुरक्षा सुविधा मुहैया कराई जाएगी । लेकिन इसके बाद भी उत्तर भारतीयों पर हमले कम नहीं हो रहे हैं। इस मामले में बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि इन हमलों के पीछे कांग्रेस के विधायक अल्पेश ठाकोर हैं।
वाराणसी ब्यूरो अब्दुल्ला हाशमी

