बैरिया (बलिया) सिर्फ बाढ़ राहत सामग्री ही नहीं, बाढ़ पीड़ितों में बंटने वाले निशुल्क केरोसिन में भी मनमानी की गई। डीएम की ओर से प्रत्येक बाढ़ पीड़ित परिवार को पांच लीटर मिट्टी तेल के वितरण के आदेश को दनकिनार कर डीएसओ ने दो लीटर के हिसाब से आवंटन करवाया। और कोटेदारों की ओर से एक लीटर ही वितरित किया गया। डीएम के आवंटन आदेश के अनुसार बाढ़ पीड़ितों के लिए 44 हजार लीटर केरोसिन वितरित किया जाना था।
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने 14 बाढ़ प्रभावित गांवों के 11 हजार परिवारों के लिए 44 हजार लीटर केरोसिन आवंटन करने का आदेश दिया था, साथ ही प्रति परिवार पांच लीटर तेल वितरण का आदेश भी दिया। लेकिन बाद में जिलापूर्ति कार्यालय द्वारा कटौती करके आवंटन किया गया। आश्चर्य की बात है कि उपजिलाधिकारी कार्यालय से 11 कोटेदारों के लिए आवंटन की सूची बनी, जिन्हें आदेश दिया गया है कि प्रति परिवार दो लीटर केरोसिन वितरित किया जाए। कटौती यहीं नहीं रुकी कोटेदार केवल एक लीटर केरोसिन का वितरण कर रहे है।उपजिलाधिकारी कार्यालय से बाढ़ पीड़ितों में निशुल्क वितरण के लिए बनी आवंटन सूची के अनुसार प्रति बाढ़ पीड़ित परिवार को पांच-पांच लीटर तेल तेल मिलना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। उदाहरण, चांददीयर के बाढ़ पीड़ित शिवबचन यादव, लल्लन, काशी सिंह, सुदामा यादव, निठाली साह आदि ने कहा कि उन्हें सिर्फ एक लीटर केरोसिन तेल दिया गया। चांददीयर के ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव ने कहा कि भले ही कागजों में पांच लीटर व दो लीटर मिट्टी केरोसिन मिल रहा है, लेकिन गांव में प्रति परिवार एक लीटर केरोसिन मिल रहा है।

