"सोनभद्र के बंतरा गांव में व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता को लेकर साले ने बहनोई को जलाया, वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय खुद भी सड़क हादसे का हुआ शिकार, दोनों का अस्पताल में चल रहा इलाज"
![]() |
खबरें आजतक Live |
सोनभद्र (ब्यूरो, उत्तर प्रदेश)। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बंतरा गांव से सनसनीखेज घटना सामने आई है। बंतरा गांव में शुक्रवार की रात सोते समय बिल्डिंग मैटेरियल के एक व्यापारी को संदिग्ध हाल में जिंदा जला दिया गया। मधुपुर सीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर है। परिजनों ने बगल में ही दुकान चलाने वाले साले पर ही तेल छिड़ककर आग लगाने का संगीन आरोप लगाया है। घटना के बाद भागते समय सुकृत चौकी के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से आरोपी साला भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस इस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार मधुपुर निवासी सीताराम 50वर्ष की वाराणसी- शक्तिनगर हाईवे पर बंतरा गांव के पास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। शुक्रवार रात वह अपनी दुकान में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे अचानक चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुली तो देखा कि सीताराम आग की लपटों में घिरा हुआ है।
आग के गोले के रूप में वह पड़ोस में ही बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चला रहे साले बद्री निवासी अहरौरा मिर्ज़ापुर के पीछे भाग रहा था। हालांकि बद्री उसे छोड़कर बाइक से अहरौरा की ओर भाग निकला। आसपास के लोगों में आग बुझाकर सीताराम को तत्काल मधुपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत गम्भीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। उधर, घटना के भागते समय सुकृत पुलिस चौकी के पास बद्री की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उसे चोट आई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे दोनों के बीच व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता की चर्चा है। सीताराम और बद्री ने करीब 12 साल पहले संयुक्त रूप से व्यापार शुरू किया था, लेकिन करीब छह वर्ष बाद मनमुटाव होने से दोनों अलग हो गए। इसके बाद बंतरा में ही दोनों ने अलग-अलग दुकान खोली। दोनों एक-दूसरे के विरोधी हो गए थे। कोतवाली प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घरवालों से पूछताछ में व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता में आग लगाने की बात सामने आई है। छानबीन की जा रही है।
रिपोर्ट- सोनभद्र डेस्क