Left Post

Type Here to Get Search Results !

Ballia Breaking: महिला की मौत पर सवाल पूछना पड़ा भारी, पत्रकारों से धक्का मुक्की के आरोप, चिकित्सा अधीक्षक की कार्यशैली पर सवाल, आखिर कब तक चलेगी मनमानी? पूछता है सिकन्दरपुर

महिला मरीज की मौत के मामले में जवाब मांगने पहुंचे पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी से गरमाया मामला, चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिग्विजय सिंह की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल, आखिर अस्पताल में सवाल पूछना कब से हो गया अपराध

खबरें आजतक Live

मुख्य अंश (toc)

विवादों के घेरे में खड़ा सरकारी अस्पताल

सिकन्दरपुर (बलिया)। सरकारी अस्पताल में मरीजों की जिंदगी और स्वास्थ्य से जुड़े सवाल उठाना क्या अब अपराध हो गया है? एक महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगने पहुंचे पत्रकारों के साथ कथित धक्का मुक्की, बदसलूकी और कैमरा बंद कराने की कोशिश ने सिकन्दरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को विवादों के घेरे में खड़ा कर दिया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली, अस्पताल प्रशासन की जवाबदेही और पत्रकारों की स्वतंत्र ग्राउंड रिपोर्टिंग को लेकर तीखे सवाल उठने लगे हैं।

परिजनों ने लगाया गलत दवा देने का आरोप

स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज के दौरान गलत दवा दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि दवा दिए जाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई। हालांकि, महिला की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही की पुष्टि निष्पक्ष जांच के बाद ही हो सकती है। लेकिन इस गंभीर घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी थी कि वह परिजनों की शिकायतों और उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देता तथा मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करता।

सवाल पूछने पहुंचे पत्रकारों से कथित बदसलूकी

मामले की जानकारी मिलने पर पत्रकार जब अस्पताल पहुंचे और महिला की मौत से जुड़े घटनाक्रम, इलाज तथा परिजनों के आरोपों को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों से सवाल पूछने लगे, तो आरोप हैं कि चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिग्विजय सिंह और अस्पताल के गार्ड द्वारा पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की एवं बदसलूकी की गई। पत्रकारों का आरोप है कि उन्हें कैमरा बंद करने के लिए दबाव बनाया गया और कैमरा छीनने की भी कोशिश की गई। यदि ये आरोप सही हैं, तो यह केवल पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार का मामला नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े सवालों और सच्चाई सामने लाने की प्रक्रिया को बाधित करने का गंभीर मामला है।

आखिर जवाबदेही से परहेज क्यों?

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक का पद केवल प्रशासनिक अधिकार का नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति जवाबदेही और जनविश्वास बनाए रखने की जिम्मेदारी का भी होता है। ऐसे में मरीज की मौत जैसे संवेदनशील मामले पर सवाल पूछने पहुंचे पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आना चिकित्सा अधीक्षक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर जब सरकारी अस्पताल में किसी मरीज की मौत होती है और परिजन इलाज पर सवाल उठाते हैं, तो अस्पताल प्रशासन का दायित्व जवाब देना है या सवाल पूछने वालों को रोकना?

चर्चा में बाहरी दवा व दलालों की सक्रियता

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कथित दलालों की सक्रियता तथा मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए कहे जाने की शिकायतें भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यदि अस्पताल परिसर में इस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो इसकी जांच कर मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर में सुदूर ग्रामीण इलाकों से गरीब और जरूरतमंद मरीज सरकारी अस्पताल इस उम्मीद में पहुंचते हैं कि उन्हें सुलभ एवं बेहतर इलाज मिलेगा। ऐसे में दवाओं और इलाज को लेकर शिकायतें सामने आना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है।

जनता पूछ रही हैं महिला की मौत का सच

इस पूरे प्रकरण में आमजनता कई सवाल जवाब मांग रहीं हैं। महिला को आखिर कौन-सी दवा दी गई और उसकी हालत बिगड़ने के कारण क्या थे।क्या इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई‌‌। यदि हुई, तो जिम्मेदार कौन। पत्रकारों के साथ कथित धक्का मुक्की और कैमरा बंद कराने की कोशिश क्यों की गई। क्या अस्पताल प्रशासन जनहित के सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें रोकने की कोशिश कर रहा हैं। अस्पताल परिसर में कथित दलालों की सक्रियता और बाहर से दवाएं खरीदने की शिकायतों की जांच कब होगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह की कार्यशैली की उच्चस्तरीय समीक्षा कब होगी?

निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगा सच

महिला की मौत और पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी दोनों ही मामले गंभीर हैं। स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों एवं जिला प्रशासन को पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। महिला की मौत के कारणों, इलाज में संभावित लापरवाही, पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और अस्पताल परिसर में उठ रही अन्य शिकायतों की जांच कर तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। सरकारी अस्पताल जनता के लिए हैं, किसी अधिकारी की निजी सत्ता या मनमानी का केंद्र नहीं। पत्रकारों का काम सवाल पूछना और जनता की आवाज सामने लाना है। यदि जनहित के सवालों पर उन्हें दबाव, धक्का-मुक्की या कैमरा बंद कराने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और सार्वजनिक जवाबदेही के लिए चिंताजनक है। आखिर कब तक उठते रहेंगे सवाल और कब मिलेगा जवाब? पूछता हैं सिकन्दरपुर।

रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
image image image image image image image

Image   Image   Image   Image  

--- Top Headlines ---