"सात फेरों से कुछ घंटे पहले ही एक दूल्हे के सपनों पर फिर गया पानी, सज-धज कर बैठी दुल्हन को उसने अपनी बाइक पर बिठाया और फिर रफू चक्कर हो गया प्रेमी"
![]() |
खबरें आजतक Live |
फतेहपुर (ब्यूरो, उत्तर प्रदेश)। यूपी के फतेहपुर में सात फेरों से कुछ घंटे पहले ही एक दूल्हे के सपनों पर पानी फिर गया। पानी फेरने वाला कोई और नहीं बल्कि दुल्हन का प्रेमी निकला। लड़की की शादी वाले दिन बारात से पहले ही प्रेमी बुलेट से प्रेमिका के घर पहुंच गया। सज-धज कर बैठी दुल्हन को उसने अपनी बाइक पर बिठाया और फिर रफू चक्कर हो गया। मेहमानों के बीच से गायब हुई दुल्हन के बारे में किसी को भी भनक नहीं लगी। घर वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। लड़की के पिता को जब हकीकत पता चला तो उसने प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के दो दोस्तों को हिरासत में लेकर उनसे बुलेट बरामद कर ली है, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। उधर दूल्हे को जब इस बारे में पता चला तो उसके सारे सपने धरे के धरे रह गए।
मिली जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती की बारात शुक्रवार खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव से आनी थी। शादी के एक दिन पहले तेल पूजन की रस्म में पूरा परिवार व्यस्त था। देर रात करीब 11 बजे परिजनों को पता चला कि दुल्हन गायब है। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने परिवार के लोगों को जानकारी दी कि सेमरा गांव का रहने वाला चन्द्र प्रकाश यादव अपने तीन साथियों की मदद से युवती को बुलेट से ले गया है। खोजबीन शुरू हुई तो चन्द्र प्रकाश की बुलेट के साथ उसके दो साथियों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। सूचना पर पुलिस ने चन्द्र प्रकाश के एक साथी जगनायक को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। परिजनों का आरोप है कि युवती के दो अन्य साथियों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि युवती बालिग है, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट- फतेहपुर ब्यूरो डेस्क